केन्द्रीय आयुर्वेद विज्ञान अनुसंधान परिषद (CCRAS) भारत सरकार के आयुष मंत्रालय (आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध एवं होम्योपैथी) के अधीनस्थ एक स्वायत्तशासी निकाय है। यह परिषद् आयुर्वेद के क्षेत्र में वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित अनुसंधान के निर्माण, समन्वयन, विकास तथा संवर्द्धन हेतु भारत की शीर्ष संस्थाओं में से एक है। परिषद् के अंतर्गत स्थित राष्‍ट्रीय भारतीय चिकित्‍सा संपदा केन्द्र, हैदराबाद (NIIMH), जो विशेष रूप से साहित्यिक अनुसंधान के लिए समर्पित संस्थान है, आयुर्वेद के साहित्यिक अनुसंधान में निरंतर संलग्न है तथा अनेक महत्त्वपूर्ण चिकित्सावैज्ञानिक-ऐतिहासिक कृतियों का प्रकाशन कर चुका है।

केन्द्रीय आयुर्वेद विज्ञान अनुसंधान परिषद (CCRAS) ने “आयुर्वेद विकास के प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व” “Admirable Personalities to Transform Ayurveda (APTA)” नामक एक शोध परियोजना का संचालन किया, जिसका उद्देश्य उन विभूतियों के जीवन-प्रोफाइल का दस्तावेजीकरण करना था, जिन्होंने आयुर्वेद के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अध्ययन के निष्कर्षों को संकलित कर प्रस्तुत वेबसाइट के रूप में उपलब्ध कराया गया है। यह उन महान व्यक्तित्वों के प्रति हमारी कृतज्ञता प्रकट करने का एक विनम्र प्रयास है, जिन्होंने आयुर्वेद को वर्तमान प्रतिष्ठित स्थान तक पहुँचाने में अपना निष्ठापूर्ण योगदान दिया। साथ ही, यह आयुर्वेद के विद्यार्थियों एवं हितधारकों के लिए प्रेरणा-स्रोत का कार्य करेगा, जिससे वे इन महापुरुषों के आदर्श जीवन से शिक्षा ग्रहण कर सकें।

HI